पीएम का घेराव करने जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने रोका

Spread the love

ऋषिकेश। परवादून क्षेत्र की ज्वलंत जनसमस्याओं और विकास संबंधी मांगों को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी का घेराव करने जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने डोईवाला में रोक दिया। इसको लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। कांग्रेस ने पुलिस की कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला हनन बताया। मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ता ऋषिकेश और डोईवाला क्षेत्र से देहरादून में पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में उन्हें ज्ञापन देने के लिए रवाना हुए। सूचना मिलते ही पुलिस कर्मियों ने कांग्रेसियों को डोईवाला कोतवाली के समक्ष रोक लिया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर कांग्रेसियों ने नाराजगी जताई और दोनो के बीच काफी झड़प भी हुई। इसको लेकर स्थिति तनावपूर्ण बन गई। परवादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं किया जा रहा। कहा कि रानीपोखरी में प्रस्तावित विधि विश्वविद्यालय की स्थापना को निरस्त किए जाने का विरोध, बापूनगर ऋषिकेश में वन भूमि विवाद, डोईवाला टोल प्लाजा से आम जनता पर पड़ रहा आर्थिक बोझ, डोईवाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उच्चीकरण, महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था, अंकिता भंडारी को न्याय और सुसवा नदी में बढ़ते प्रदूषण जैसे मुद्दों पर समाधान की मांग को लेकर पीएम मोदी को ज्ञापन देने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया है। डोईवाला कांग्रेस नगर अध्यक्ष करतार नेगी ने कहा कि रानीपोखरी में वर्ष 2019 में विधि विवि का शिलान्यास हुआ था, लेकिन अब उस भूमि का अन्यत्र उपयोग किया जाना क्षेत्रवासियों की भावनाओं के साथ अन्याय है। सुसवा नदी में देहरादून का सीवरेज और प्लास्टिक कचरा डाले जाने से गंगा तक प्रदूषण बढ़ रहा है, जो आगामी कुंभ को देखते हुए बेहद गंभीर विषय है। डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के दिन शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस के व्यवहार की उन्होंने कड़ी निंदा की। कहा कि इन सभी मुद्दों का समाधान क्षेत्र के समग्र विकास और जनता के विश्वास के लिए आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार जनता की आवाज को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने मामले को जैसे तैसे शांत किया और प्रदर्शनकारियों का ज्ञापन उच्च प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। प्रदर्शनकारियों में कांग्रेस नेता अश्विनी बहुगुणा, प्रमोद कप्रवान शास्त्री, राहुल सैनी, स्वतंत्र बिष्ट, गौरव मल्होत्रा, अमित सैनी, शार्दूल नेगी, उमेद बोरा, जितेंद्र कुमार, अफसाना अंसारी, रेखा कांडपाल सती, रीता क्षेत्री, सुनील बर्मन, राजेंद्र सेमवाल, विमल, किशोर तिवारी, गजेंद्र विक्रम शाही, तेजपाल सिंह मोंटी, मुकेश प्रसाद, सावन राठौर, आरिफ अली, विवेक सैनी, राहुल आर्य, अनुज कन्नौजिया, सोहेब अली, संदीप थापा, समीर, वसीम अली, मोइन अली, आशिक अली, साहिल अली, सूरज भट्ट, शुभम कांबोज आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *