108 सेवा का लाभ गर्भवती महिला द्वारा प्रसव हेतु चिन्हित चिकित्सालय के आधार पर मिलें
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा विकासखंड रिखणीखाल के अन्तर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झर्त में गृह आधारित प्रसवों की संख्या शून्य किये जाने को लेकर ग्राम प्रधान झर्त प्रियंका देवी की अध्यक्षता में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर महिला चिकित्साधिकारी डॉ. सोमाली ने गर्भवती महिलाओं को अपने स्वास्थ्य की समय-समय पर जांच कराने की सलाह दी। साथ ही एनीमिया के बचाव के लिए संतुलित आहार लेने, आयरन, कैल्शियम का सेवन करने को कहा। उन्होंने परिवार नियोजन सहित अन्य उपयोगी परामर्श दिये। इस दौरान सात गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच भी की गई।
शुक्रवार को आयोजित शिविर में जिला सलाहकार एनसीडी श्स्वेता गुसांई ने संस्थागत प्रसव कराने व मातृत्व सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे जननी सुरक्षा योजना, जननी शिशु सुरक्षा योजना, तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम,108 सेवा, 102 सेवा आदि के बारे में जानकारी दी। शिविर में ग्राम प्रधान झर्त प्रियंका देवी ने आकस्मिक एंबुलेंस सेवा 108 को लेकर कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झर्त के अंतर्गत आने वाली गर्भवती महिलाओं को 108 सेवा का समुचित लाभ नहीं मिल पाता है, यहां से अधिकांश गर्भवती महिलाएं प्रसव हेतु बेस चिकित्सालय कोटद्वार जाती हैं, जिसके लिए उन्हें निजी वाहन से चिकित्सालय जाना पड़ता है। कहा कि 108 सेवा द्वारा गर्भवती महिलाओं को ब्लॉक के अंतर्गत सी.एच.सी रिखणीखाल ले जाया जाता है जहां पर किसी भी आपात स्थिति के लिए कोई सुविधा नहीं है, फिर पुन: रेफर होकर बेस चिकित्सालय कोटद्वार या अन्य चिकित्सालय जाना पड़ता है, जिससे जच्चा-बच्चा की जान को खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि झर्त से रिखणीखाल और कोटद्वार की दूरी में ज्यादा अंतर नहीं है। कहा कि गर्भवती महिलाओं को 108 सेवा का लाभ ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले चिकित्सालय के आधार पर नहीं बल्कि गर्भवती महिला द्वारा प्रसव हेतु चिन्हित चिकित्सालय के आधार पर मिलना चाहिए। इस मौके पर डॉ. आलोक कोहली, जिला आई.ई.सी. समन्वयक शकुंतला नेगी, एएनएम प्रीतम, नवीन रावत, कोमल, पुष्पा देवी, आनंद मोहन काला आदि मौजूद रहे।