श्रीनगर गढ़वाल : चारधाम यात्रा सीजन के चलते श्रीनगर रोडवेज बस अड्डे से देहरादून के लिए सीधी बस सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। कई बसों को यात्रा ड्यूटी में लगाए जाने से यात्रियों को पर्याप्त बसें नहीं मिल पा रही हैं, जिससे बुजुर्गों और छोटे बच्चों के साथ सफर करने वालों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
यात्रियों का कहना है कि रोडवेज उन्हें पहले ऋषिकेश जाने और वहां से दूसरी बस लेने की सलाह दे रहा है, लेकिन अधिक सामान और परिवार के साथ यात्रा करने वालों के लिए यह मुश्किल साबित हो रहा है। गांवों से जरूरी कामों के लिए देहरादून आने-जाने वाले लोगों को भी घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। श्रीनगर रोडवेज डिपो प्रभारी अशोक काला ने बताया कि पहले श्रीनगर से देहरादून के लिए करीब 10 सीधी बसें चलती थीं लेकिन यात्रा ड्यूटी के कारण कुछ सेवाएं प्रभावित हुई हैं। वर्तमान में सुबह 6 बजे, 7 बजे, 9:30 बजे, 11 बजे और 12 बजे बस सेवाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा सीजन में यात्रियों की संख्या बढ़ने से असुविधा हो रही है, जबकि ऋषिकेश के लिए बस सेवाएं सामान्य हैं। (एजेंसी)