भक्तदर्शन महाविद्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित हुई रन फॉर यूनिटी
जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : भक्तदर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जयहरीखाल में शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम के अंतर्गत दौड़ का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने उत्साह पूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर प्रो. एल. आर. राजवंशी द्वारा प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई गई।

महाविद्यालय की प्राचार्य ने कहा कि राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को बनाएं रखना हम सभी नागरिकों का नैतिक दायित्व है। विद्यार्थियों को जाति, धर्म, भाषा एवं क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए। नमामि गंगे कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. अजय रावत ने कहा कि राष्ट्रीय एकता केवल विचारों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि हमारे व्यवहार एवं कार्यों में भी दिखाई देनी चाहिए। कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सहभागिता एवं सामूहिक जिम्मेदारी जैसे कार्य भी राष्ट्र की एकता और समृद्धि को मजबूत बनाते हैं। एनसीसी के एएनओ डॉ. देवेन्द्र चौहान ने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र की सेवा एवं सुरक्षा के प्रति सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया। रोवर्स प्रभारी डॉ. सुभाष पोखरियाल ने कहा कि रोवर्स एवं रेंजर्स का मूल उद्देश्य युवाओं में सेवा, सहयोग, अनुशासन तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग समाज में एकता, सद्भाव एवं सहयोग का संदेश प्रसारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस मौके पर रेंजर्स प्रभारी डॉ. जया काण्डपाल, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दुर्गा रजक, डॉ. सत्यनन्दन भगत, डॉ. मानसी वत्स, डॉ. मो. शहजाद, डॉ. उमेश ध्यानी, डॉ. अर्चना नौटियाल, डॉ. शिप्रा, डॉ. एस ए. अंसारी, डॉ. सुमन कुकरेती, सतीश चन्द्र पोखरियाल, राजीव रजवार सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।