सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत, एक गंभीर

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पौड़ी-कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुगड्डा के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेस अस्पताल कोटद्वार रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस संख्या यूके 08 पीए 0484 पौड़ी से कोटद्वार की ओर आ रही थी, जबकि मोटर साइकिल संख्या डीएल 8 एसडीएम 9871 कोटद्वार से पौड़ी की ओर जा रही थी। दुगड्डा के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार दोनों व्यक्ति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही दुगड्डा पुलिस चौकी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से सरकारी अस्पताल दुगड्डा पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने एक घायल को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेस अस्पताल कोटद्वार रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जितेंद्र सिंह गुसाईं (38 वर्ष) पुत्र एल.एस. गुसाईं, निवासी संत नगर, खुशहाल चौक, बुराड़ी, नई दिल्ली के रूप में हुई है। वहीं घायल देवेंद्र सिंह (37 वर्ष) पुत्र बलवंत सिंह चौहान निवासी अंगानी, जनपद पौड़ी गढ़वाल बताए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *