देहरादून: लगातार हो रही भारी बारिश के चलते देहरादून के तीन कुआं, डाकरा क्षेत्र में सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। सड़क के बीचों-बीच बना करीब 15 फीट लंबा और लगभग 10 फीट गहरा गड्ढा स्थानीय लोगों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं की गई तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि सड़क का बड़ा हिस्सा धंसने से गहरा गड्ढा बन गया है और आसपास की सड़क में भी दरारें पड़ गई हैं। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा के लिए अस्थायी रूप से ईंटें और पेड़ की टहनियां लगाकर राहगीरों को सतर्क करने का प्रयास किया है, लेकिन रात के समय यह स्थान और अधिक खतरनाक साबित हो सकता है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग (ढहऊ) और संबंधित विभागों से मांग की है कि प्रभावित सड़क का तत्काल निरीक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए तथा दुर्घटनाओं से बचाव के लिए बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में सड़क धंसने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में संवेदनशील स्थानों का समय-समय पर निरीक्षण और आवश्यक मरम्मत कराना बेहद जरूरी है, ताकि जनहानि और बड़े हादसों से बचा जा सके।