चमोली : ब्लॉक की दूरस्थ ग्राम पंचायत बलाण में नौ साल के लंबे इंतजार के बाद सड़क पहुंच गई है। सड़क पहुंचने पर ग्रामीणों ने खुशी जताई और एक-दूसरे को बधाई दी। करीब 800 की आबादी वाले इस गांव के लिए 2016 में 11 किलोमीटर सड़क स्वीकृत हुई थी। पीएमजीएसवाई विभाग ने 2017 में सड़क कटिंग का काम शुरू किया था, लेकिन सड़क गांव तक नहीं जुड़ सकी। गांव के लोग दो किमी. की पैदल दूरी तय करते थे। किसानों को नकदी फसलें खच्चरों से सड़क तक पहुंचानी पड़ती थीं। प्रधान खीमी राम और बीडीसी सदस्य प्रदीप दानू ने बताया कि लगातार मांग के बाद तीन माह पूर्व शेष दो किमी. सड़क की स्वीकृति मिलने के बाद कार्य शुरू हुआ। अब गांव तक सड़क कटने से आवाजाही आसान होगी। 95 वर्षीय बुजुर्ग नारायण सिंह ने सड़क पहुंचने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह आजादी के बाद का सबसे सुंदर उपहार है। अब गांव का विकास होगा, किसानों को फसलों का उचित दाम मिलेगा और बीमारों को समय पर इलाज मिल पाएगा। वहीं पीएमजीएसवाई विभाग के जेई प्रदीप पंवार ने बताया कि बलाण गांव तक 2.2 किलोमीटर अतिरिक्त सड़क की कटिंग हो चुकी है। (एजेंसी)