रोटरी क्लब के नेत्र जांच शिविर में 50 छात्राओं का परीक्षण, नि:शुल्क चश्मे भी बांटे

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रोटरी क्लब के तत्वावधान में आयोजित नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर में सुभाष चंद्र बोस राजकीय बालिका छात्रावास की 50 छात्राओं की आंखों की जांच की गई। इस दौरान छात्राओं को नेत्रों की देखभाल के प्रति जागरूक करने के साथ ही जरूरतमंद छात्राओं को नि:शुल्क चश्मे भी वितरित किए गए।


डा. एके गुप्ता के क्लीनिक में आयोजित शिविर का शुभारंभ रोटरी क्लब की अध्यक्ष प्रतिभा गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं का स्वस्थ जीवन ही सशक्त और उज्ज्वल समाज की नींव है। बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह के शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविर में डा. एके गुप्ता ने छात्राओं को नियमित रूप से आंखों की जांच कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आंखों में किसी भी तरह की परेशानी होने पर उसे नजर अंदाज नहीं करना चाहिए। साथ ही बच्चों को मोबाइल फोन और टेलीविजन का सीमित उपयोग करने तथा आंखों की उचित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। बालिका छात्रावास की वार्डन दीप्ति गुसाईं ने बताया कि छात्रावास की छात्राओं के नेत्र परीक्षण के लिए पहली बार इस तरह का शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 50 छात्राओं की आंखों की जांच की गई और उन्हें नि:शुल्क चश्मे भी वितरित किए गए। इस मौके पर बीना रावत, वाईपी गिलरा, अनीत चावला, ऊषा अग्रवाल, शरत चंद गुप्ता, विपिन बख्शी, मनीष अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, धीरजधर बछुवाण और गोपाल बंसल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *