त्योहारों पर मिलावट खोरों पर रहेगी नजर, कोटद्वार में दो दिन चलेगा खाद्य जांच अभियान

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कोटद्वार में विशेष जांच अभियान शुरू किया है। इसके तहत 12 और 13 अक्टूबर को फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स (एफएसडब्ल्यू) के माध्यम से खाद्य पदार्थों की मौके पर नि:शुल्क जांच की जाएगी। अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता परखने के साथ ही बाजार में निरीक्षण कर मिलावट पर निगरानी रखी जाएगी।


खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से संचालित इस अभियान में फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स के माध्यम से खाद्य पदार्थों के नमूनों की मौके पर जांच की जाएगी। इसकी खास बात यह है कि आम नागरिक भी अपने पास मौजूद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच नि:शुल्क करवा सकेंगे। त्योहारों के दौरान मिठाई, दूध और दुग्ध उत्पादों सहित अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और मिलावट की आशंका पर प्रभावी निगरानी रखना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। अभियान में फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स के साथ डिप्टी कमिश्नर लैब वीरेंद्र सिंह बिष्ट मौजूद रहेंगे। वहीं, कोटद्वार क्षेत्र से वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्र भी अभियान में शामिल होंगे। अधिकारियों की मौजूदगी में खाद्य पदार्थों की जांच के साथ शहर में निरीक्षण भी किया जाएगा, ताकि खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर नजर रखी जा सके। इस अभियान के तहत आम लोगों को भी अपने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने का अवसर मिलेगा। इसके लिए फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स की सुविधा उपलब्ध रहेगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस पहल का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना, मिलावट के प्रति जागरूकता बढ़ाना और त्योहारी सीजन में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *