ऋषिकेश। गो सेवा और संरक्षण की मांग को लेकर संत समाज देशभर में जन आंदोलन शुरू करेगा। 27 अप्रैल को देश भर की तहसीलों में संत अपने अनुयायियों संग आंदोलन कर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजेंगे। शुक्रवार को देहरादून रोड स्थित व्यापार सभा में प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी गई। गो सेवा और गो संरक्षण से जुड़े श्रीकृष्ण कुंज आश्रम के युवराज गोपालाचार्य महाराज ने कहा कि गो सेवा और गो संरक्षण को लेकर देशव्यापी जनआंदोलन की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। इसका पहला चरण 27 अप्रैल को शुरू होगा। इस दिन गो माता को राष्ट्रमाता, राष्ट्रदेव, राष्ट्रआराध्या और राष्ट्र के आधार के रूप में मान्यता देने, गो संरक्षण को बढ़ावा और गो सेवा को शिक्षा से जोड़ने, निराश्रित गायों के लिए भोजन, उपचार और सुरक्षा की व्यवस्था करने आदि की मांगों को लेकर देशभर की सभी तहसीलों में एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि ज्ञापन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से दिए जाएंगे। अगर पहले चरण में मांगें नहीं मानी गईं तो दूसरा चरण 27 जुलाई और तीसरा चरण 27 फरवरी 2027 को होगा। बताया कि घरों में गायों की सेवा हो रही है, लेकिन सड़कों पर घूमने वाली गायें दुर्घटनाओं का शिकार हो रही हैं। उन्हें न भोजन मिलता है, न इलाज। इसी समस्या के समाधान के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार किसी व्यक्ति को नहीं, बल्कि गाय और नंदी को अभियान का केंद्र बनाया गया है। उनका मानना है कि जनमानस की आवाज पर सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे। मौके पर केशव स्वरूप, राधा वत्स, जगमोहन मिश्रा, ललित जिंदल, संजय अग्रवाल, पंकज गुप्ता, अजय, कमल, सौरभ सेमवाल, राकेश भगत, संजय शास्त्री आदि उपस्थित रहे।