पीटीआई शिक्षक पर बड़ी कार्रवाई, अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी

Spread the love

उत्तरकाशी। मोरी क्षेत्र के फतेपर्वत में राजकीय इंटर कॉलेज दोणी के पीटीआई शिक्षक के लगातार शराब के नशे में विद्यालय आने की शिकायत पर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। वहां तैनात पीटीआई शिक्षक जय सिंह कठैत को उनके इस व्यवहार पर शिक्षा विभाग ने अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान यह मामला सामने आया। बीते बृहस्पतिवार को जिला शिक्षा अधिकारी शैलेश अमोली और खंड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया था। विद्यालय पहुंचे अधिकारियों के समक्ष ग्रामीणों और स्टाफ ने शिक्षक के अनुचित व्यवहार की शिकायत की। जांच में आरोप सही पाए गए जिसके बाद मौके पर ही सख्त कार्रवाई की गई। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक की इस आदत से न केवल पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। बल्कि विद्यालय का वातावरण भी दूषित हो रहा था। बच्चों के भविष्य के साथ इस तरह की लापरवाही को देखते हुए विभाग ने पहले भी उन्हें सुधार का अवसर दिया था और स्थानांतरण भी किया गया था लेकिन उनके व्यवहार में कोई सकारात्मक बदलाव नहीं आया। बीईओ पंकज कुमार का कहना है कि विभाग के लिए छात्रों के हित सर्वोपरि हैं। शिक्षा का माहौल सुरक्षित और अनुशासित होना चाहिए। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गैर जिम्मेदाराना व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पीटीआई शिक्षक के परिजनों को भी अनिवार्य सेवानिवृत्ति की सूचना दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *