अल्मोड़ा। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालक के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कूटी सीज कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। शुक्रवार को अपर उप निरीक्षक इन्द्र सिंह बिष्ट ने ट्रैफिक पुलिस टीम के साथ दुगालखोला क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक स्कूटी चालक को चार सवारियां बैठाकर बिना ड्राइविंग लाइसेंस के तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए पाया गया। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए स्कूटी को सीज कर दिया। साथ ही चालक को भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने के लिए सख्त हिदायत दी गई।