संतला देवी मंदिर के पास उफनती नदी के बीच टापू पर फंसे सात लोग

Spread the love

देहरादून। थाना कैंट क्षेत्र के अंतर्गत संतला देवी मंदिर के समीप नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से सात लोग नदी के बीच बने टापू पर फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी लोगों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सीसीआर, देहरादून के माध्यम से एसडीआरएफ को सूचना मिली कि लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है, जिससे सात व्यक्ति चारों ओर से उफनती धारा के बीच बने टापू पर फंस गए हैं और उन्हें तत्काल सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ पोस्ट सहस्त्रधारा से उप निरीक्षक राजबर राणा के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि नदी का बहाव अत्यधिक तेज था और फिसलनयुक्त तट के कारण हालात बेहद चुनौतीपूर्ण थे। फंसे हुए लोग स्वयं बाहर निकलने में असमर्थ थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ ने सिविल पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। प्रशिक्षित जवानों ने विशेष रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से तेज बहाव के बीच सुरक्षित तरीके से टापू तक पहुंच बनाई और सुनियोजित अभियान चलाकर सभी सात लोगों को एक-एक कर सुरक्षित नदी से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *