शिक्षक सम्मान समारोह में 205 शिक्षक-शिक्षिकाएं सम्मानित

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भारत के द्वितीय राष्ट्रपति एवं भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती एवं शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विष्णु सिंह रावत सामाजिक संस्था की संयोजिका रंजना रावत एवं संस्था के आयोजन सचिव तथा पूर्व जिला अध्यक्ष कांग्रेस शिक्षक प्रकोष्ठ प्रेम सिंह पयाल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में विभिन्न विद्यालयों के 205 शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर शिक्षा निदेशक ब्रजमोहन सिंह रावत, विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रेम बहुखंडी, अतिविशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी सुदर्शन सिंह बिष्ट, कार्यक्रम संयोजिका रंजना रावत, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य भुवन मोहन गुसाईं एवं प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष अजयपाल रावत सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने सभी सम्मानित शिक्षक-शिक्षिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन का संपूर्ण जीवन शिक्षा, दर्शन एवं राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा। उनके आदर्शों और विचारों से प्रेरणा लेकर शिक्षकों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं समाज निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। समारोह में शिक्षकों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा गया कि राष्ट्र के निर्माण में शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें संस्कार, अनुशासन और जीवन मूल्यों की शिक्षा देकर जिम्मेदार नागरिक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *