श्रीनगर बनेगा कचरा प्रबंधन का मॉडल

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : नगर निगम ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन निस्तारण एवं भूमि भरण स्थल पर 150 टन प्रतिदिन क्षमता वाली ट्रॉमल मशीन का ट्रायल शुरू कर दिया गया है। यह प्लांट श्रीनगर में ठोस कचरा प्रबंधन का मॉडल बनेगा।
इस आधुनिक प्लांट में शहर से एकत्रित कूड़े को ट्रंचिंग ग्राउंड तक लाकर ट्रॉमल मशीन के माध्यम से गीले और सूखे कचरे को अलग किया जाएगा। गीले कचरे जैसे रसोई अपशिष्ट, फल-सब्जियों के अवशेष से जैविक खाद तैयार की जाएगी, जबकि सूखे कचरे जैसे प्लास्टिक, गत्ता, थर्माकोल और कपड़ों को रीसाइक्लिंग के लिए भेजा जाएगा। मेयर आरती भंडारी और नगर आयुक्त नुपूर वर्मा ने संयुक्त रूप से ट्रॉमल मशीन के ट्रायल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार, अधिशाषी अभियंता पवन कोठियाल, लेखाकार राम जायसवाल सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। मेयर ने कहा कि यह आधुनिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट श्रीनगर के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी। नगर आयुक्त नुपूर वर्मा ने बताया कि ट्रॉमल मशीन के जरिये कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण किया जाएगा। रीसाइक्लिंग से नगर निगम की आय भी बढ़ेगी। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *