जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बरसात के मौसम में पेट से संबंधी बीमारियों ने मरीजों की संख्या बढ़ा दी है। हालत यह है कि राजकीय बेस चिकित्साल कोटद्वार में प्रतिदिन सौ से अधिक पेट से संबंधी मरीज पहुंच रहे हैं। जबकि, कुछ निजी अस्पतालों में भी उपचार करवा रहे हैं। अधिकांश लोगों को दस्त, उल्टी, पेट दर्द, गैस्ट्रोएंटेराइटिस व फूड प्वाइजनिंग की समस्या हैं। ऐसे में चिकित्सक मरीजों को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।

बेस अस्पताल में सामान्य दिनों में पांच सौ से छ: सौ मरीज प्रतिदिन पहुंचते हैं। इनमें से सौ से डेढ़ सौ मरीज पेट की बीमारी से पीड़ित होते हैं। लेकिन, इन दिनों पेट की बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या ढाई सौ से तीन सौ तक पहुंच गई है। अधिकांश मरीज पेट से संबंधित समस्या झेल रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार वर्षा काल के दौरान दूषित पानी, अस्वच्छ भोजन और खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन पेट से संबंधत बीमारियों का मुख्य कारण है। ऐसे में मरीजों को पानी उबालकर पीने के साथ ही, ताजा एवं स्वच्छ भोजन करने, खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन न करने की सलाह दी जा रही है। गंदे पानी का सेवन करने से डायरिया के मरीज भी बढ़ रहे हैं। बच्चे व बुजुर्ग सबसे अधिक समस्या से जूझ रहे हैं।
बचाव के उपाय
1. उबला या शुद्ध पानी पिए 2. ताजा और अच्छी तरह पका हुआ भोजन करें 3. खुले में बिकने वाले कटे फल और अस्वच्छ भोजन से बचें 4. भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोए। 3. फलों और सब्जियों को अच्छी तरह धोकर उपयोग करें। 6. यदि लगातार दस्त, तेज बुखार, खून वाले दस्त हों, तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।