विद्यार्थियों ने किया पौधा रोपण, संरक्षण का संकल्प

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जानकीनगर स्थित रितेश शर्मा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में वृहद वृक्षारोपण एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। साथ ही विद्यालय के प्रतियोगिता विभाग द्वारा ग्रीष्मावकाश के दौरान पर्यावरण एवं पर्यावरण संरक्षण विषय पर आधारित ऑनलाइन क्विज प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत प्रात: काल स्वयं सेवियों ने विद्यालय परिसर में पौधा रोपण किया तथा फूलवारी और क्यारियों की निराई-गुड़ाई की। इसके अलावा विद्यालय परिसर में लगे पेड़ों की छाल कटाई एवं स्वच्छता कार्य भी संपन्न किया गया। इस दौरान स्वयं सेवियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी भूपेंद्र सिंह रावत ने स्वयंसेवियों को विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व से अवगत कराया और पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती ने सभी स्वयं सेवियों एवं विद्यालय परिवार को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में कक्षा छह के अभ्युदय असवाल ने प्रथम, कक्षा सात की आराध्या ने द्वितीय तथा कक्षा आठ के सरस और कक्षा सात के योगेश ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में निधि असवाल एवं लक्की प्रथम, कुमकुम एवं अभिनव द्वितीय तथा अपर्णा एवं अभिनय संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम में स्वयंसेवी कुमकुम रावत, अंशिका, अनिशा, कशिश, आयुषी, व्योम लखेड़ा, अभिनय सिंह रावत, ऋतिक सहित विद्यालय के कार्यालय प्रमुख राकेश चमोली, परीक्षा प्रभारी रोहित बलोदी, प्रतियोगिता विभाग प्रभारी राहुल भाटिया, प्रेम सिंह नेगी एवं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *