मार्च महीने में ही आंखे दिखा रहा सूरज

Spread the love

-चिलचिलाती गर्मी से होने लगा है बुरा हाल, आने वाले दिनों में और सता सकती है गर्मी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अभी मार्च महीना आधा ही गुजरा है और सूरज आंखे दिखाने लगा है। चिलचिलाती गर्मी से लोगों का अभी से बुरा हाल होने लगा है। दिनभर खिल रही चटख धूप लोगों को घरों व प्रतिष्ठानों के अंदर ही कैद होने को मजबूर कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है।

add
आमतौर पर प्रतिवर्ष होली के बाद गर्मी का अहसास होने लगता है, लेकिन इस वर्ष होली से पहले ही यह एहसास लोगों को परेशान करने लगा था। अब होली संपन्न हुई है तो चिलचिलाती गर्मी से लोगों का बुरा हाल होने लगा है। सुबह से ही चटख धूप खिलने से गर्मी का अहसास होने लगता है। दिन के 12 बजे तक सूरज मानों गुस्से से लाल हो जाता है और अपनी तपिश से सभी को परेशान करने लगता है। जिस कारण लोग भी दिन के समय घरों से बाहर निकलने में परहेज ही करने लगे हैं। किसी को बहुत जरूरी कार्य है तो ही वह घर से बाहर निकल रहा है। मार्च आधा ही गुजरा है और अभी से ऐसी गर्मी आने वाले दिनों में बढ़ती गर्मी का अहसास दिला रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन से चार दिन मौसम इसी तरह परेशान करेगा और लोगों को चिलचिलाती गर्मी का सामना करना पड़ेगा। रविवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में भी तापमान में गिरावट के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।

सिद्धबाबा के दर्शन को उमड़े भक्त
रविवार को सिद्धबली मंदिर में उत्तराखंड व आसपास के राज्यों से लोग माथा टेकने पहुंच जाते हैं। जिससे मंदिर व आसपास के क्षेत्रों में काफी चहल-पहल देखने को मिलती है। इस रविवार भी उत्तराखंड समेत उत्तर प्रदेश, दिल्ली आदि राज्यों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में सिद्धबली मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने सिद्धबाबा के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की। मान्यता है कि एक बार जो सिद्धबाबा के दर्शन कर लेता है उसकी सभी मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं। हालांकि बढ़ती गर्मी से श्रद्धालुओं को काफी परेशान किया। बिजनौर निवासी रज्जो देवी, अनीता, विशाल आदि ने बताया कि वह हर साल सिद्धबाबा के दर्शन को आते हैं। हालांकि, इस बार गर्मी से बुरा हाल है।
दिनभर रेंगते रहे वाहन
रविवार को आमतौर पर बाजार बंद रहने के कारण भीड़ भाड़ भी कम रहती है। लेकिन छुट्टी के दिन विभिन्न स्थानों से पर्यटकों के उमड़ने के चलते जाम की स्थिति बन जाती है। इस रविवार भी पर्यटक उमड़े तो गिवईस्रोत पुल व सिद्धबली के पास जाम की स्थिति बन गई। यहां दिनभर वाहन रेंगते हुए चल रहे थे। हालांकि, पुलिस कर्मियों ने जाम पर काबू पाने का पूरा प्रयास किया और लोगों को घंटों के जाम में फंसने से बचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *