बागेश्वर। 33 केवी विद्युत लाइन पर चीड़ के पेड़ गिरने से बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गए और तार टूट गए। इसके चलते पूरे गरुड़ ब्लॉक में करीब 20 घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही। लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई, जबकि लघु एवं कुटीर उद्योगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब छह बजे कपिलेश्वर मंदिर के पास से गुजर रही 33 केवी लाइन पर चीड़ के पेड़ गिर गए। इससे लाइन क्षतिग्रस्त हो गई और पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना मिलने पर ऊर्जा निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन नुकसान अधिक होने के कारण रात में आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। शुक्रवार सुबह से मरम्मत कार्य शुरू किया गया और दोपहर करीब तीन बजे विद्युत आपूर्ति सुचारु हो पाई।