-शहीद राइफलमैन रामकुमार आर्या की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की
रुद्रपुर। शहीद राइफलमैन रामकुमार आर्या की मंगलवार को श्रद्धा के साथ पुण्यतिथि मनाई गई। कार्यक्रम में किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल सहित पूर्व सैनिकों और जनप्रतिनिधियों ने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। बेहड़ ने कहा कि शहीदों का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा है। असम राइफल पूर्व सैनिक कल्याण संघ (अखिल भारतीय) के तत्वावधान में आदर्श कॉलोनी स्थित शहीद रामकुमार आर्या पार्क में आयोजित कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए पूर्व सैनिकों और पदाधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। केरल, राजस्थान और हरियाणा से आए प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। विधायक बेहड़ ने कहा कि देश की रक्षा में बलिदान देने वाले वीर सपूतों का त्याग सदैव स्मरणीय रहेगा। वहीं राजकुमार ठुकराल ने कहा कि देश की सुरक्षा ऐसे वीर जवानों की बदौलत संभव है और हमें उनके परिवारों के प्रति सम्मान और सहयोग बनाए रखना चाहिए। संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि शहीद रामकुमार आर्या ने 2 मई 1989 को असम राइफल में भर्ती होकर देश सेवा का संकल्प लिया। 5 मई 1991 को ‘ऑपरेशन रक्षक’ के दौरान कुपवाड़ा में आतंकवाद विरोधी अभियान में उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। कार्यक्रम में शहीद की पत्नी हेमलता देवी ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ममता रानी, जितेश शर्मा, गौरव खुराना, प्रकाश शर्मा, सुखदेव हाल्दार, नयन सिंह रावत, खड़ग सिंह कार्की, आरके यादव, बद्री सिंह, प्रेम सिंह, वीनू नैयर, तुलसी नैयर, एनएस बिष्ट, एसएम रमेश राम, चंदन राम, वकास बंसल, ललित बिष्ट, आनंद शर्मा, प्रकाश दास, सुरेंद्र गुप्ता, सुनील, ज्योति टम्टा, उमा सरकार, मनोज आर्या आदि रहे।