ऋषिकेश। मौसम में बदलाव की वजह से ऋषिकेश में मंगलवार को मौसम सुहावना हो गया है। स्थानीय लोगों के साथ ही देश-दुनिया से पहुंचे तीर्थाटकों और पर्यटकों को भी मौसम में ठंडक की वजह से गर्मी से राहत मिली। शाम के वक्त बाजार में भी चहल-पहल दिखी। अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के कारण लोगों को एक बार फिर सर्दी का अहसास भी होता दिखा। मंगलवार सुबह चटक खिली, तो लोगों को गर्मी महसूस होने शुरू हुई, मगर दोपहर 12 बजते ही मौसम ने एकाएक करवट बदली, जिसके बाद रिमझिम बारिश का दौर शुरू हुआ, जोकि घंटेभर तक चला। काले घने बादलों के बीच रिमझिम बारिश में तापमान तेजी से गिरा। बारिश थमने के बाद नगर और आसपास के पर्यटक स्थलों जानकी सेतु, रामझूला, बजरंग सुते के आसपास तथा आस्थापथ पर पर्यटकों की भीड़भाड़ दिखी। खुशनुमा मौसम का लुत्फ उठाते हुए पर्यटकों ने खूब मस्ती भी की। वहीं, राफ्टिंग के लिए पहुंचे पर्यटकों का रोमांच भी बदले मौसम की वजह से दोगुना हो गया। उधर, शाम छह बजे के बाद ऋषिकेश के बाजार में खासी रौनक रही। गंगाघाटों पर आध्यात्मिक सुकून और शांति के लिए श्रद्धालुओं के साथ पर्यटकों का हुजूम भी जुटा दिखा। राज्य मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि मौसम में इस तरह के बदलाव की संभावना बनी हुई है।