दुगड्डा-गमुखाल के मध्य खाक हुआ पहाड़, लगातार बढ़ रही आग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दुगड्डा-गुमखाल के मध्य पहाड़ी पर आग लगने से सैकड़ों हैक्टेयर पर फैली वन संपदा जलकर खाक हो गई। जंगल की आग से उठ रहे धुंए के कारण हाईवे पर आवागमन भी चुनौती बन गया है। यही नहीं कै्रंखाल के समीप सुनर गांव तक आग की लपटे पहुंच गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, आग लगने से हाईवे पर पत्थर भी गिर रहे हैं।
मैदान के साथ ही पहाड़ में भी गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में चीड़ के जंगलों में लग रही आग ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले दो दिन से दुगड्डा-गुमखाल के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास पहाड़ी पर आग लगी हुई है। आग की लपटे हाईवे तक पहुंच रही है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार देर रात क्रैंखाल से करीब तीन किलोमीटर आगे हाईवे तक आग पहुंच गई। स्थानीय जनों ने आसपास पेड़ की हरी टहनियों को तोड़कर आग बुझाई। वहीं, पहाड़ी पर आग लगने से पत्थर लुढ़क कर हाईवे पर पहुंच रहे हैं, जिससे वाहन चालकों को खतरा बना हुआ है। मंगलवार सुबह आग क्रैंखाल के समीप स्थित सुनार गांव तक पहुंच गई। धुएं के कारण ग्रामीणों का सांस लेना भी मुश्किल हो गया था। ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग पर काबू पाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *