मनुष्य का जीवन और पर्यावरण का रिश्ता अटूट

Spread the love

भाषण प्रतियोगिता में कुसुम रही पहले स्थान पर
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : मेरा युवा भारत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा विकास क्षेत्र पौड़ी के पराज इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस पौड़ी में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कुसुम, द्वितीय स्थान आरुषि एवं तृतीय स्थान साक्षी राणा ने प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पराज इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के निदेशक डॉ. वी.पी. बालोदी ने पर्यावरण के प्रति युवाओं को जागरूक करते हुए कहा कि आज हम सब यहां एक बहुत ही महत्वपूर्ण और विचारणीय विषय पर चर्चा करने के लिए एकत्रित हुए हैं। हर वर्ष 5 जून को पूरी दुनिया में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का मुख्य उद्देश्य प्रकृति के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाना और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाना है। मनुष्य का जीवन और पर्यावरण का रिश्ता अटूट है। हमें सांस लेने के लिए शुद्ध हवा, पीने के लिए पानी और खाने के लिए अनाज, सब कुछ प्रकृति से ही मिलता है। लेकिन आज विडंबना यह है कि आधुनिकता और विकास की दौड़ में हमने अपनी इस जीवनदायिनी प्रकृति को भारी नुकसान पहुंचाया है। अंधाधुंध कटाई, बढ़ता प्रदूषण और प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग आज हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौतियां बन चुके हैं। ग्लोबल वार्मिंग के कारण मौसम का चक्र बिगड़ रहा है। यदि हमने अब भी प्रकृति को बचाने के लिए कदम नहीं उठाए, तो हमारा आने वाला भविष्य खतरे में पड़ जाएगा। पर्यावरण की रक्षा के लिए हमें बड़े-बड़े आंदोलनों के साथ-साथ अपने दैनिक जीवन में भी छोटे-छोटे बदलाव करने होंगे। हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए, पानी बचाना चाहिए और सिंगल-यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करना चाहिए। प्रकृति हमें बहुत कुछ देती है, अब समय आ गया है कि हम भी उसे अपना योगदान वापस लौटाएं। अपने पर्यावरण की रक्षा करेंगे और इस धरती को आने वाली पीढ़ियों के लिए हरा-भरा और रहने योग्य बनाएंगे। इस मौके पर राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवी नितिन चौहान, संजना, शीतल मंमगाई, अक्षिता अग्रवाल, अक्षत खुगशाल, प्रियंका असवाल, सलोनी, साक्षी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *