दर्दनाक सड़क हादसा : पिकअप और स्कॉर्पियो के बीच भीषण टक्कर, 16 मजदूरों की मौत-15 घायल

Spread the love

भोपाल , मध्य प्रदेश में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। धार जिले के चिकलिया स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास बुधवार रात करीब 8:30 बजे मजदूरों से भरे एक पिकअप वाहन और स्कॉर्पियो के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें से 10 की हालत बेहद गंभीर है और उनका इलाज इंदौर में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में करीब 50 मजदूर सवार थे, जो क्षमता से कहीं अधिक थे। वाहन धार से अमझेरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराया और पलट गया। पलटने के बाद सामने से आ रही स्कॉर्पियो से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई मजदूर वाहन के नीचे दब गए।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक सूचना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, लेकिन आज सुबह तक मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई।
घायलों को बड़ी संख्या में जिला अस्पताल लाया गया, जहां अचानक बढ़े दबाव के कारण व्यवस्था प्रभावित हुई और कुछ घायलों का इलाज जमीन पर लिटाकर करना पड़ा। हालांकि, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने तुरंत अतिरिक्त इंतजाम कर इलाज शुरू किया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर हादसे की वजह ओवरलोडिंग और वाहन का असंतुलित होना बताया जा रहा है।इस भीषण हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष से मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि यह सड़क हादसा हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिजनों के साथ हैं। मृतकों के परिवारजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये तथा अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। इंदौर संभागायुक्त और आईजी को उपचार व्यवस्था के लिए धार जाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी घायलों का उपचार नि:शुल्क किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *