तेज आंधी में चारधाम यात्रा रूट और रेलवे ट्रैक पर गिरे पेड़

Spread the love

ऋषिकेश। ऋषिकेश समेत आसपास के क्षेत्रों में रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट बदली, जिसके बाद तेज आंधी और झमाझम बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। गरज-तड़क के बीच आसमान में काले बादलों के घिरने से दिन में ही घुप अंधेरा छा गया। सड़कों पर वाहनों को लाइट जलाकर गुजरना पड़ा। वहीं,गुमानीवाला के पास रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिर गया, जिसके चलते रेल ट्रैक तीन घंटे बाधित रहा। इसके चलते तीन ट्रेनों का आवागमन करीब एक घंटे तक प्रभावित रहा। लाइनों पर पेड़ गिरने से कई इलाकों में बिजली भी घंटों गुल रही। चारधाम यात्रा रूट हरिद्वार बाईपास मार्ग पर सुबह 10:30 बजे एक पेड़ गिरने से आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा। गनीमत रही कि पेड़ की चपेट में कोई वाहन और पैदल शख्स नहीं आया। कड़ी मशक्कत के बाद वनकर्मियों ने बामुश्किल पेड़ को बाईपास रोड से हटाया। वहीं, बाईपास सड़क पर गिरे पेड़ की चपेट में बिजली की लाइन आने से अमितग्राम और आसपास के 150 से ज्यादा उपभोक्ताओं की बत्ती भी शाम तक गुल रही। एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि क्षेत्र में जानमाल की हानि की कोई सूचना नहीं मिली है। बावजूद, आपदा राहत और सुरक्षा एजेंसियों को पूरी तरह से अलर्ट रहने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *