जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार से देहरादून के लिए संचालित होने वाली जीएमओयू की बस पहले दिन ही अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गई। हालत यह थी कि बस अड्डे पर खेड़ होकर निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष का इंतजार करती रही। ऐसे में बस में बैठे यात्री परेशान होने लगे और वह बस को छोड़ अन्य विकल्प खोजने लगे। जिसके बाद कंपनी ने विधानसभा अध्यक्ष के हरी झंडी दिखाने से पहले ही बस को रवाना कर दिया।

शु्रक्रवार को जीएमओयू ने कोटद्वार-देहरादून के बीच नई बस सेवा शुरू की। बस सेवा शुरु होने से लोगों को काफी राहत मिली। पहली बार संचालित हो रही इस बस को विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने हरी झंडी दिखानी थी। लेकिन, तय समय पर भी विधानसभा अध्यक्ष जीएमओयू मुख्यालय नहीं पहुंच पाई। ऐसे में बस काफी देर तक मुख्य अतिथि का इंतजार करती रही। करीब 45 मिनट बीतने के बाद यात्रियों का धैर्य जवाब देने लगा। कुछ यात्री बस से उतरकर अन्य साधनों की तलाश में निकल गए, जबकि कुछ यात्री उत्तराखंड परिवहन निगम की बस से हरिद्वार की ओर रवाना हो गए। बस में मौजूद यात्रियों ने भी तत्काल सेवा शुरू करने की मांग उठाई। इस दौरान कंपनी से जुड़े कुछ सदस्य भी यात्रियों की परेशानी को देखते हुए बस को रवाना करने के पक्ष में नजर आए। आखिरकार करीब पौने तीन बजे कंपनी अध्यक्ष गजे सिंह रौथाण ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बस को देहरादून के लिए रवाना किया। पहले दिन ही निर्धारित समय से देरी होने के कारण यात्रियों में नाराजगी देखने को मिली। जीएमओयू के अनुसार अब यह बस सेवा नियमित रूप से संचालित होगी। बस प्रतिदिन सुबह सात बजे कोटद्वार से देहरादून के लिए रवाना होगी और दोपहर दो बजे देहरादून से कोटद्वार के लिए वापसी करेगी।