श्रीनगर गढ़वाल : राजकीय इंटर कॉलेज कीर्तिनगर में ग्रीन पहाड़ी फाउंडेशन के तत्वावधान में एआई एवं साइबर सिक्योरिटी विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम यूकॉस्ट के सहयोग से संपन्न हुआ। शनिवार को आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षक कमलेश जोशी ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में गढ़वाल विवि के हिंदी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. कपिल पंवार और डॉ. अंकित उछोली मौजूद रहे। डॉ. पंवार ने कहा कि वर्तमान समय में नई तकनीकों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्रों को एआई और डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग में सतर्क रहने की सलाह दी। वहीं डॉ. उछोली ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्रों की कौशल क्षमता को बढ़ाते हैं और उन्हें तकनीकी रूप से सशक्त करते हैं। पहले सत्र में गढ़वाल विवि के समाजशास्त्र विभाग की शोधार्थी लूसी ने छात्रों को एआई तकनीकों और ऑनलाइन सुरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी। दूसरे सत्र में प्रीति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर होने वाले फ्रॉड से बचाव के उपाय सुझाए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयं सेवियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। इस मौके पर ग्रीन पहाड़ी फाउंडेशन के समाजकार्य विभाग के शोध छात्र साहबान, अरुणेश मिश्रा, युवराज सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। (एजेंसी)