जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सनेह क्षेत्र के कोटड़ीढांग में आतंक का प्रर्याय बनें गुलदार को मंगलवार देर सांय वन विभाग की टीम ने ट्रैंकुलाइज कर पिंजरें में कैद कर लिया है। गुलदार के पकड़े जाने से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, पकड़ा गया गुलदार ही महिला पर हमला करने वाला है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

बता दें कि बीते सोमवार को सनेह क्षेत्र के कोटड़ीढांग में गुलदार के हमले में कविता कोठियाल की दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना उस समय हुई जब कविता अपनी चार अन्य साथियों के साथ घास लेने के लिए पास के जंगल में गई थीं। इसी दौरान घात लगाकर बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर गुलदार को आदमखोर घोषित कर क्षेत्र में शूटर तैनात करने की मांग की। स्थानीय लोगों की मांग पर गुलदार को आदमखोर घोषित कर शूटर सहित वन विभाग की टीम तैनात की गई। वन विभाग की टीम ने मंगलवार देर शाम गुलदार को ट्रैंकुलाइज करने में सफलता मिली। उसे कोटड़ी रेंज मुख्यालय में रखा गया है, जहां से उसे पिंजरे में डालकर कॉर्बेट के ढेला रेस्क्यू सेंटर भेजा गया। जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण और अन्य जांच की जाएंगी। इसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह वही गुलदार है, जिसने महिला पर हमला किया था या नहीं। डीएफओ तरुण एस. ने इसकी पुष्टि की। बताया कि हमलावर गुलदार को घटनास्थल से करीब 20 मीटर की दूरी पर टीम ने ट्रैंकुलाइज करने में सफलता हासिल की है। गुलदार की मूवमेंट नजर आने पर टीम अलर्ट हो गई थी। गुलदार के पकड़े जाने के बावजूद एहतियातन गश्त जारी रहेगी। लोगों से भी सजग रहने की अपील की गई है।