जूनियर एवं सीनियर वर्ग के चयनित प्रतिभागी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिभाग
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026-27 के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमारखाल में किया गया। प्रतियोगिता में जूनियर एवं सीनियर वर्ग के विभिन्न उपविषयों के अंतर्गत पंजीकृत 25 विद्यार्थियों ने अपने वैज्ञानिक शोधपत्र एवं परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। विद्यार्थियों ने स्थानीय समस्याओं पर वैज्ञानिक दृष्टिकोण से विचार करते हुए अपनी जिज्ञासा, शोध क्षमता और नवाचार का परिचय दिया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ उपखंड शिक्षा अधिकारी, एकेश्वर दीपक लखेड़ा ने किया। प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय के प्रधानाध्यापक रविंद्र चौहान के संयोजन में, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर मंदीप सिंह के समन्वय तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रिंगवाड़ी के प्रभारी प्रधानाध्यापक राकेश पोखरियाल के संचालन में संपन्न हुआ। निर्णायक मंडल में राजीव थपलियाल प्रवक्ता जीआईसी मैटाकुंड, राहुल शर्मा प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज एकेश्वर, निहिल मोहन सहायक अध्यापक, इंटर कॉलेज कमलपुर, तपेंद्र बिष्ट प्रवक्ता जनता इंटर कॉलेज सुरखेत आदि शामिल रहे। सीनियर वर्ग में निहारिका जनता इंटर कॉलेज कमलपुर प्रथम, कशिश राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रिंगवाडी द्वितीय, अभिषेक राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रिंगवाड़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि जूनियर वर्ग में अमृता, जनता इंटर कॉलेज कमलपुर प्रथम, अनन्या राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रिंगवाड़ी द्वितीय, दीपिका, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रिंगवाड़ी तृतीय स्थान पर रही। प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले दोनों वर्गों के कुल छह चयनित प्रतिभागी आगामी जिला स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में प्रतिभाग करेंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, कोटद्वार में प्रस्तावित है। वहां से चयनित विद्यार्थी 1 से 3 दिसंबर 2026 तक हल्द्वानी में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के 32वें संस्करण में प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम संचालन राकेश पोखरियाल ने किया।
वैज्ञानिक सोच विकसित करने पर जोर
उपखंड शिक्षा अधिकारी दीपक लखेड़ा ने प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस जैसे आयोजनों को विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन, जिज्ञासा, शोध प्रवृत्ति और नवाचार विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने वाले शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, स्थानीय समस्याओं को वैज्ञानिक दृष्टि से समझने तथा समाधान खोजने का अवसर प्रदान किया।