श्रीनगर गढ़वाल : विकासखंड कीर्तिनगर के मलेथा गांव में घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था चरमराने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। हालात यह हैं कि कई ग्रामीणों ने गैस के लिए पैसा जमा कर पर्ची कटवाई, लेकिन करीब डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी उन्हें सिलिंडर उपलब्ध नहीं हो पाया है। गैस नहीं मिलने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान रश्मि रावत ने बताया कि गांव में पहली अप्रैल को इंडेन गैस एजेंसी श्रीनगर का वाहन पहुंचा था। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि सभी उपभोक्ताओं को सिलिंडर मिल जाएंगे, लेकिन सीमित संख्या में सिलिंडर होने से आधे से भी कम लोगों को गैस मिल सकी। बताया कि पहले गांव में गैस का बड़ा ट्रक पहुंचता था जिससे अधिकांश उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो जाती थी। इस बार केवल 80 सिलिंडर ही गांव भेजे गए, जिससे कई परिवार गैस से वंचित रह गए। प्रधान के अनुसार, गांव के करीब 15 से 20 लोगों ने गैस के लिए निर्धारित राशि जमा कर पर्ची भी कटवा ली थी, लेकिन अब तक उन्हें सिलिंडर नहीं मिले हैं। ग्रामीण लगातार एजेंसी और संबंधित कर्मचारियों से संपर्क कर रहे हैं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गैस आपूर्ति बाधित होने से उन्हें मजबूरी में लकड़ी और पारंपरिक चूल्हों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे महिलाओं और बुजुर्गों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्राम प्रधान रश्मि रावत ने इंडेन गैस एजेंसी श्रीनगर और संबंधित विभाग से जल्द अतिरिक्त वाहन भेजकर सभी उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराने की मांग की है। (एजेंसी)
क्या कहते है प्रबंधक
नील कमल, प्रबंधक, इंडेन गैस सर्विस श्रीनगर का कहना है कि मलेथा में 20 और 25 मई के बीच गैस का वाहन भेजा जाएगा। जिन लोगों की एडवांस पर्ची कटी हैं उन्हें भी उसी दौरान आपूर्ति की जाएगी।