जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद मुख्यालय में शुक्रवार को दो घंटे झमाझम बारिश हुई। क्षेत्र में हो रही लगातार हो रही बारिश के चलते सामान्य जनजीवन प्रभावित होने लगा है। शहर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण जल भराव की समस्या उत्पन्न होने लगी है। शुक्रवार को बारिश के कारण कई स्थानों पर पानी जमा हो गया, जिस कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की समस्या गंभीर होती जा रही है। डीएम कार्यालय के समीप, लोअर बाजार, माल रोड, छतरीधार सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में सड़कों और आसपास के इलाकों में पानी भर गया है, जिससे स्थानीय निवासियों और व्यापारियों की परेशानियां बढ़ गई हैं। बारिश के दौरान जल निकासी की व्यवस्था प्रभावित होने के कारण कई जगहों पर पानी लंबे समय तक जमा रह रहा है। इससे पैदल चलने वालों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर पालिका के सफाई निरीक्षक हेमंत कुमार ने बताया कि बारिश के मौसम में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए पालिका प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। नालों की नियमित सफाई के लिए नाला गैंग टीम बनाई गई है। जिसमें आठ कार्मिक को तैनात किया गया है। ये टीमें शहर के विभिन्न हिस्सों में लगातार सफाई कार्य कर रही हैं, ताकि बारिश के पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके।