देहरादून। मसूरी में एक युवक करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया।जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात एक व्यक्ति ने मसूरी पुलिस को सूचना दी कि वुड स्टॉक स्कूल से आगे धनोल्टी रोड पर एक युवक सड़क से नीचे खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। फायर सर्विस मसूरी और 108 एंबुलेंस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस और फायर कर्मियों ने रस्सियों व अन्य आपदा उपकरणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब 100 मीटर नीचे गिरे युवक को बाहर निकाला गया। घायल युवक की पहचान नरेश 32 पुत्र हुकम सिंह निवासी सिविल रोड, रावत मेडिकल स्टोर मसूरी के रूप में हुई। घायल को सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर पर गंभीर चोट होने पर पांच टांके लगाए। युवक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को परिजन अपने साथ घर भेज दिया lपुलिस जांच में सामने आया कि युवक सड़क किनारे लघुशंका करने के दौरान संतुलन बिगड़ने से खाई में गिर गया था।