कंचनपुरी में प्रस्तावित ट्रेचिंग ग्राउंड का दोबारा होगा सर्वे : ऋतु

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर क्षेत्र के हल्दूखाता स्थित कंचनपुरी में प्रस्तावित ट्रेंचिंग ग्राउंड को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध लगातार जारी है। इस बीच विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण धरना स्थल पर पहुंचीं और आंदोलन कर रहे लोगों की समस्याएं सुनीं। विस अध्यक्ष ने लोगों को दोबारा से ट्रेंचिंग ग्राउंड निर्माण का सर्वें करवाने का आश्वासन दिया।
धरना स्थल पर पहुंची विस अध्यक्ष ने लोगों से वार्ता की। कहा कि वह क्षेत्र के बेहतर विकास को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है। यदि जनता प्रस्तावित ट्र्रेंचग ग्राउंड का विरोध कर रही है तो जनता की मांग पर दोबारा से इसका सर्वें करवाया जाएगा। कहा कि कि वर्ष 2017 में इस क्षेत्र में ट्रेंचिंग ग्राउंड के लिए भूमि चिन्हित की गई थी। जनता की भावनाओं को देखते हुए मामले पर जल्द ही उच्च अधिकारियों से चर्चा की जाएगी। साथ ही ट्रेंचिंग ग्राउंड के लिए निर्धारित मानकों की जांच हेतु नए सिरे से सर्वे कराया जाएगा। धरने पर बैठे लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष को बताया कि प्रस्तावित स्थल के आसपास घनी आबादी निवास करती है। इसके अलावा निकट ही पॉलिटेक्निक कॉलेज और कई शैक्षणिक संस्थान संचालित हैं। उनका कहना है कि यहां ट्रेंचिंग ग्राउंड बनने से बड़ी संख्या में लोगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऋतु खंडूडी भूषण ने आश्वासन दिया कि लोगों की चिंताओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जैसे ही उन्हें इस मुद्दे की जानकारी मिली, निर्माण कार्य को तत्काल रुकवा दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में यह पाया गया कि ट्रेंचिंग ग्राउंड का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है, तो इसे आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल को जल्द ही संबंधित सचिव से मिलवाया जाएगा, ताकि वे अपनी आपत्तियां और सुझाव सीधे प्रशासन के सामने रख सकें। निर्माण कार्य शुरू करने से पहले यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी नियमों का पालन हो और स्थानीय लोगों की आपत्तियों का उचित समाधान किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *