जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन ने जिलेभर में व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी अभियान चलाया। जांच के दौरान कई स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पकड़ा गया, जिसके बाद संबंधित व्यापारियों के खिलाफ चालान की कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया।
जिलाधिकारी स्वाति एम भदौरिया के निर्देश पर जिला पूर्ति विभाग की विशेष टीम ने बुधवार को कुल 57 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि कोटद्वार क्षेत्र में 27 प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान चार घरेलू सिलेंडरों का अवैध उपयोग पाया गया। इस पर संबंधित व्यापारियों से 9,200 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसी तरह दुगड्डा क्षेत्र में 10 प्रतिष्ठानों की जांच में दो घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक इस्तेमाल सामने आया, जिसके लिए 4,600 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। वहीं पौड़ी क्षेत्र में 20 प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के दौरान छह घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध उपयोग पकड़ा गया और संबंधित प्रतिष्ठानों पर 13,800 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पूरे अभियान के दौरान प्रशासन ने कुल 27,600 रुपये का जुर्माना वसूला। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि एलपीजी गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी और घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से अभियान जारी रहेगा। जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने और रिकॉर्ड अपडेट रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित एजेंसी और प्रतिष्ठान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।