लक्ष्य तय कर निरंतर सीखते रहें युवा : ऋतु

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास कर रही है। कोटद्वार में केंद्रीय विद्यालय के रूप में एक बड़ी सौगात मिली है। युवाओं को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से हर दिन कुछ नया सीखने और अपने ज्ञान एवं कौशल को लगातार विकसित करने का आह्वान किया।
विधानसभा अध्यक्ष सोमवार को दुर्गापुरी में आयोजित ज्ञान सरोज अकादमी के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि कोटद्वार तेजी से शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहा है और शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। शहर में सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों की संख्या बढ़ने से अब स्थानीय विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में कोटद्वार को केंद्रीय विद्यालय की सौगात मिलना क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवी गिरिराज सिंह रावत को ‘शैक्षणिक सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। वहीं शैक्षणिक उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेधावी छात्र-छात्राओं साक्षी थपलियाल, कृतिका ध्यानी और अमन सिंह को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महापौर शैलेंद्र सिंह रावत, सुमन कोटनाला, मयंक कोठारी, राहुल सिंह रावत, शिवांगी जोशी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. गौरव जोशी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *