जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : विकासखण्ड एकेश्वर की संस्कृत छात्र प्रतियोगिताएं आगामी 23 और 24 सितम्बर को आयोजित की जायेगी। प्रतियोगिताएं अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नौगांवखाल में सम्पन्न होगी।

उत्तराखंड संस्कृत अकादमी हरिद्वार की ओर से संस्कृत के प्रचार-प्रसार हेतु विकासखंड से राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली संस्कृत छात्र स्पर्धाओं के प्रथम चरण की तैयारियों को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. गुंजन अमरोही के दिशा निर्देश और मार्गदर्शन में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में खण्ड संयोजक गणेश प्रसाद पसबोला ने बताया कि खण्ड स्तरीय छात्र स्पर्धा अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नौगांवखाल में 23 एवं 24 सितंबर को आयोजित की जायेगी। प्रतियोगिताएं दो वर्गों में होगी। कनिष्ठ वर्ग में कक्षा 6 से 10 और वरिष्ठ वर्ग में कक्षा 11 से स्नातकोत्तर तक के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेगें। उन्होंने बताया कि संस्कृत नाटकम्, संस्कृत समूह गान, संस्कृत समूह नृत्य, संस्कृत श्लोकच्चारणम्, संस्कृत वाद-विवाद, संस्कृत आशु भाषणम् प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रथम दिन कनिष्ठ वर्ग और द्वितीय दिन वरिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताएं सम्पन्न होगी। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जायेगा।