आर्मी पब्लिक स्कूल में मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडौन में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस मौके पर विद्यार्थियों द्वारा फैंसी ड्रेस, समूहगान एवं समूह नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कर्नल कुलदीप सिरोही, सेना मेडल, डिप्टी कमांडेंट, जीआरआरसी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। इसके पश्चात सभी उपस्थितजनों ने राष्ट्रगान गाया। विद्यालय परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के जयघोष से गूंज उठा तथा समूचा वातावरण राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत हो गया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, समूहगान, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया। कक्षा एक एवं दो के नन्हें विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे परिधानों में स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रनायकों की वेशभूषा धारण कर मनमोहक प्रस्तुति दी। विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत समूहगान एवं समूह नृत्य ने भी समारोह में उत्साह और उमंग का संचार किया। मुख्य अतिथि कर्नल कुलदीप सिरोही ने कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों ने अपने अदम्य साहस, त्याग और बलिदान से हमें स्वतंत्र भारत का गौरव प्रदान किया है। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए। विद्यार्थियों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहते हुए एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लेना चाहिए। विद्यालय के प्रधानाचार्य विजेंद्र दत्त सुंद्रियाल ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से प्रेरणा लेकर देश की प्रगति, एकता एवं गौरव को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *