काफल तोड़ने के दौरान टूटी टहनी, खाई में गिरकर व्यक्ति की मौत

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गुमखाल-सतपुली के मध्य काफल तोड़ने के दौरान टहनी टूटने से एक व्यक्ति गहरी खाई में गिर गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ व पुलिस टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाते हुए व्यक्ति के शव को खाई से बाहर निकाला।
पुलिस ने बताया कि द्वारीखाल ब्लॉक के ग्राम डाबर निवासी रोशन सिंह बिष्ट (55) पुत्र प्रकाश सिंह बिष्ट डंपर चालक है और इन दिनों हाईवे चौड़ीकरण के कार्य में कार्यरत हैं। मंगलवार दोपहर वे डंपर से मलबे को डंपिंग जोन में डालकर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि चालक ने सौभान स्थली के समीप एक मोड़ पर डंपर खड़ा कर दिया और पास में स्थित काफल के पेड़ की ओर चला गया। इसी बीच संतुलन बिगड़ने से करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि डंपर चालक संभवत: काफल तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ा था। टहनी टूटने और संतुलन बिगड़ने से वह खाई में जा गिरा। एसआई प्रवेश कुमार ने बताया कि चालक के खाई में गिरने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है। मृतक की पत्नी, मां व दो छोटी बेटियां हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *