नशे पर पुलिस का प्रहार, लाखों की चरस के साथ दो गिरफ्तार

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों की चरस के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब साढ़े पांच लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस आरोपियों के नेटवर्क और सप्लाई चैन की भी जांच में जुट गई है।
मंगलवार को कोटद्वार कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मालन नदी पुल के पश्चिमी छोर पर दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 1.52 किलोग्राम चरस बरामद हुई। गिरफ्तार युवकों ने अपनी पहचान लकड़ी पड़ाव निवासी शहनवाज उर्फ शानू तथा बिजनौर के जाफ्तागंज-नजीबाबाद निवासी मोहम्मद फईम (वर्तमान निवासी लकड़ीपड़ाव, कोटद्वार) के रूप में बताई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कोटद्वार में फल और मछली का कारोबार करते हैं तथा खुद भी चरस का सेवन करते हैं। अधिक पैसा कमाने की चाह में उन्होंने चरस तस्करी का रास्ता अपनाया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चरस कहां से लाते थे और इस कारोबार में उनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *