यूकेएसएसएससी परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 10 केंद्रों पर 3026 अभ्यर्थियों के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम

Spread the love

बागेश्वर।उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएससी) की स्नातक स्तरीय परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर परीक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। अपर जिलाधिकारी ने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी अधिकारियों को आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन करने तथा उनका शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा की गरिमा एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता अथवा अनियमितता को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस विभाग को सभी परीक्षा केंद्रों पर सुदृढ़ एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेटों को परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर वहां स्थापित सीसीटीवी कैमरों, जैमर तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की कार्यशीलता की जांच करने के निर्देश दिए गए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनी रहे। बैठक में विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां भी तय की गईं। यूपीसीएल को परीक्षा अवधि के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने, जल संस्थान को सभी केंद्रों पर पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक चिकित्सा दल एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। अपर जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे परीक्षा दिवस पर निर्धारित समय से पर्याप्त पूर्व अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और परीक्षा समय पर सुचारु रूप से प्रारंभ की जा सके। जनपद बागेश्वर में इस परीक्षा के लिए कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3026 अभ्यर्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रशासन द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। बैठक में आयोग के प्रतिनिधि राहुल नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *