जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : ध्रुवपुर क्षेत्र में सुखरौ नदी के बढ़ते कटाव को लेकर विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने शुक्रवार को प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ नदी किनारे का जायजा लिया और मानसून के दौरान संभावित खतरे को देखते हुए शीघ्र सुरक्षात्मक कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रवासियों ने विधानसभा अध्यक्ष को बताया कि नदी के लगातार हो रहे कटाव से खेतों के साथ-साथ आबादी वाले क्षेत्रों पर भी खतरा बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते सुरक्षा कार्य नहीं हुए तो वर्षा के दौरान नुकसान और अधिक बढ़ सकता है। इस पर ऋतु खंडूड़ी भूषण ने सिंचाई एवं वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों का तकनीकी सर्वे कर कटाव रोकने की विस्तृत कार्य योजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य किए जाएं जो लंबे समय तक प्रभावी रहें और हर वर्ष बनने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान निकल सके। कहा कि बरसात के मौसम में संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने की आवश्यकता है। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने, जोखिम वाले स्थानों की निगरानी बढ़ाने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कटाव से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।