बीजेपी विधायक के बेटे ने 5 लोगों को थार से कुचला, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

Spread the love

-विधायक पुत्र बोला, सायरन बजाया तो हटे क्यों नहीं?
शिवपुरी,। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में 5 लोगों को थार से उड़ाने वाले विधायक पुत्र की दबंगई से लोग हैरान हैं. विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे ने गुरुवार को पैदल चल रहे राहगीरों को अपनी थार गाड़ी से टक्कर मार दी, जिससे 5 राहगीर घायल हो गए हैं. हद तो तब हो गई जब विधायक के बेटे ने अपनी सफाई में दबंगई दिखाते हुए ये कह दिया कि जब सायरन बजाया तो राहगीर सड़क से क्यों नहीं हटे? दिनेश लोधी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हो रहा है.
शिवपुरी के करैरा में गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे दिनेश लोधी ने अपनी थार से 5 लोगों को कुचल दिया. हादसे में बाइक सवार तीन मजदूर और पैदल चल रहीं दो महिलाएं घायल हो गईं. मामला करैरा थाना क्षेत्र का है. दिनेश लोधी बीजेपी विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे हैं. मामले में फरियादी संजय परिहार निवासी ग्राम संहेड़ा, ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है. उन्होंने बताया, हम अपने साथियों आशीष परिहार और अंशुल परिहार के साथ बाइक से थनरा गांव मजदूरी के लिए जा रहे थे. आगे दो महिलाएं पैदल चल रही थीं. तभी थार ने हमें टक्कर मार दी.
घायल आशीष परिहार और अंशुल परिहार ने बताया, थार वाहन को विधायक के बेटे दिनेश लोधी चला रहे थे. गाड़ी के आगे प्रीतम लोधी और पीछे विधायक लिखा हुआ था, जिससे वाहन की पहचान स्पष्ट हो रही थी. वहीं, घटना के बाद एक वीडियो भी सामने आया है. जिसमें आरोपी दिनेश लोधी घायलों से बहस करते नजर आ रहा है. वीडियो मेंं वह यह कहते हुए दिखता है कि हॉर्न बजाया था फिर भी लोग रास्ते से क्यों नहीं हटे. वह सुबह जिम जाने के लिए निकला था.
इस मामले में करैरा थाना प्रभारी विनोद छावई ने कहा, दिनेश लोधी के खिलाफ अपराध क्रमांक 255/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125 (ए) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच शुरू कर दी है. जानकारी यह भी आ रही है कि खुद विधायक पुत्र ने पुलिस को कानूनी कार्रवाई करने के लिए कहा है. साथ ही यह भी कहा है कि कानून तोड़ने वाला कोई भी हो, चाहे मेरा बेटा क्यों ना हो कानून की कार्रवाई जरूरी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *