भूस्खलन से प्रभावित हुई बस सेवा

Spread the love

कर्णप्रयाग। लगातार हो रही बारिश से सड़कों की हालात खराब है। खास तौर से कर्णप्रयाग से नौटी को जोड़ने वाले स्टेट हाईवे पर लगातार मलबा गिर रहा है। ऐसे में सड़क पर सफर जोखिमभरा हो रहा है। इस कारण यहां बीते चार दिनों से परिवहन निगम की बस सेवा भी नहीं जा पा रही है। कई बार बस को कर्णप्रयाग में रुकना पड़ रहा है। बारिश से नौटी स्टेट हाईवे पर चौंडली में भारी भूस्खलन से सड़क बदहाल हो गई है। इसके अलावा कोली और पुडियाणी में सड़क रविवार सुबह बंद रही जबकि कनोठ में स्कपर के कारण सड़क संकरी हो गई है। बारिश और भूस्खलन के कारण सड़क खराब होने से देहरादून से नौटी, देवलकोट रूटी की परिवहन निगम की बस सेवा भी प्रभावित हुई है। नौटी गांव निवासी और पूर्व कनिष्ठ उपप्रमुख सुभाष रावत ने कहा कि सड़क की हालात दयनीय है और यहां सफर जोखिमभरा बना है। सड़क की खराब हालत के कारण कई बार नौटी देवलकोट की बस सेवा देहरादून से कर्णप्रयाग तक ही आ रही है। वहीं लोनिवि के ईई सुनील कुमार ने बताया कि सड़क पर कई जगह भूस्खलन हुआ है। ऐसे में मलबा जल्द हटाया जा रहा है। बस सेवा प्रभावित होने की उनके पास कोई सूचना नहीं है।
सिमली-डिम्मर सड़क खारीगाड़ में ध्वस्त
कर्णप्रयाग। शनिवार रात को हुई बारिश से सिमली-डिम्मर सड़क खारीगाड़ गदेरे में ध्वस्त हो गई है। यहां करीब दस से पंद्रह मीटर सड़क गदेरे के उफान पर बह गई। दोपहर तक इस ग्रामीण सड़क पर यातायात बंद रहने के बाद पीएमजीसवाई ने गदेरे पर वैकल्पिक मार्ग तैयार कर यातायात सुचारू किया। वहीं सिमली रोड पर बारिश से लगातार पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं। इससे यहां पैदल आवागमन भी जोखिम भरा हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *