जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बाल विकास परियोजना जहरी में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में नवजात कन्याओं का जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान अभिभावकों को कन्याओं के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
आयोजित कार्यक्रम में सुपरवाइजर विनीत सजवाण ने योजनाओं की जानकारी दी। कहा कि सरकार की ओर से कन्याओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा 0-6 वर्ष तक के बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं देखभाल से संबंधित योजनाओं के बारे में जागरुक करते हुए कहा कि बेटियों को शिक्षा, पोषण और सुरक्षा प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान नवजात कन्याओं को उपहार स्वरूप बेबी किट भी प्रदान किए गए। महिलाओं एवं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर राधेश्याम, आंगनवाड़ी कार्यकत्री मीना असवाल, आंगनवाड़ी सहायिका रिंकी देवी, ममता देवी मौजूद रही।