जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में एक बार फिर टप्पेबाजी की घटना हुई है। टप्पेबाज महिला के गले से सोने की चेन चुराकर ले गए। इस संबंध में महिला ने पुलिस से शिकायत की है।
पुलिस को दी गई तहरीर में घमंडपुर निवासी राखी देवी ने बताया कि बीते दिवस वह लालबत्ती चौक से एक आटो में सवार होकर अपने घर जा रही थी। आटो में करीब आठ सवारियां बैठी थीं। उनके पास ही चार महिलाएं बैठी हुई थीं, जिनकी गतिविधियां काफी संदिग्ध लग रही थीं। आरोप है कि वे महिलाएं बार-बार अपने थैले को उनके गले के पास तक ला रही थीं। उस समय उन्हें उनकी मंशा समझ नहीं आई, परंतु सिम्मलचौड़ पहुंचने से ठीक पहले वे चारों महिलाएं अपने गंतव्य से पूर्व ही अचानक आटो से उतर गई। उनके उतरने के कुछ देर बाद जब वह आटो से उतरी तो उन्होंने पाया कि उनके गले से सोने की एक तोले की चेन गायब थी। रेखा देवी का कहना है कि उन महिलाओं ने ही उनकी चेन चुरा ली। पुलिस ने दी गई तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।