जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सतपुली के रैतपुर में आत्महत्या करने वाले युवक के परिवार को न्याय दिलवाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा। कहा कि परिवार के अनुसार मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी तहसील परिसर में पहुंचे। जहां उन्होंने उपजिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा। कांग्रेस पूर्व प्रदेश महामंत्री रंजना रावत ने कहा कि रैतपुर में युवक द्वारा आत्महत्या की घटना चिंता का विषय है। युवक ने पुलिस पर उसके उत्पीड़न का आरोप लगाया। आरोप है कि पुलिस ने पंकज को बुरी तरह से पीटा। पंकज ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में भी प्रचारित किया। आरोप है कि पुलिस की प्रताड़ना से आहत पंकज ने पुल की रेलिंग से लटक कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर दी। पंकज परिवार का अकेला कमाने वाला था। कहा कि पंकज को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाए। इस मौके पर बलवीर सिंह रावत, शीला भारती, प्रदीप नेगी, महावीर नेगी, विनोद रावत, संजय सिंह रावत, प्रेम सिंह पयाल, लक्षी चौहान मौजूद रहे।