श्रीनगर गढ़वाल : पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम और नीट प्रवेश परीक्षा पेपर लीक मामले के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर युवाओं और आम जनता के हितों की अनदेखी का आरोप लगाया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि भाजपा सरकार चुनाव परिणाम आने के बाद लगातार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाकर आम जनमानस की कमर तोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं के पेपर लीक होने से लाखों मेहनती युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है। आरोप लगाया कि पेपर लीक मामलों में पकड़े गए कई आरोपी भाजपा से जुड़े हैं। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला भी दहन किया। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष रघुवीर सिंह भंडारी, अंकित सिंह, विपिन पंवार, भीम सिंह नेगी, नीति राज, उदय सिंह रावत, शूरवीर सिंह जयाड़ा, हर्षमणी कृतवाण, शंकर सिंह रावत व अमन सिंह आदि मौजूद थे। (एजेंसी)