जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राष्ट्रीय रजामार्ग पर गुमखाल-सतपुली के मध्य हो रहे सड़क चौड़ीकरण के कारण लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए क्षेत्रीय जन ने कुल्हाड़ बैंड-रैतपुर मल्ला के मध्य डामरीकरण की मांग की है।
क्षेत्रीय जन रोशन गौड़, सुमन गौड़, विनोद गौड़, सुरेश गौड़, हर्षपाल सिंह, विजय गौड़, शोभन सिंह, पंचम सिंह, भरत सिंह ने बताया कि इन दिनों राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य जारी है। जिस कारण राजमार्ग पर हर वक्त जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में यदि सतपुली से करीब बारह किलोमीटर पूर्व कुल्हाड़ बैंड से रैतपुर मल्ला होते हुए सतपुली को जोड़ने वाले वैकल्पिक मार्ग का डामरीकरण होता है तो क्षेत्रीय जन को राजमार्ग के जाम से निजात मिलेगी। बताया कि यह वैकल्पिक मार्ग कुल्हाड़ बैंड-कोटली-जिमठोक-कट्टुगांव (रैतपुर मल्ला)-रनकोट होते हुए सतपुली तक जाता है। वर्तमान में यह कच्चा एवं जर्जर अवस्था में है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मार्ग के डामरीकरण से वैकल्पिक सड़क के रूप में कार्य करेगा और जाम की समस्या से स्थायी राहत प्रदान करेगा। यह मार्ग विद्यार्थियों, रोगियों, व्यापारियों व दैनिक यात्रियों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।