जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखण्ड विकास पार्टी ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार चौथी बार हुई बढ़ोत्तरी का विरोध किया है। कहा कि सरकार लगातार तेल के दामों को बढ़ाकर आमजन को परेशान कर रही है।
पार्टी के अध्यक्ष मुजीब नैथानी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में सुधार के बावजूद तेल की कीमतों में वृद्धि करना आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने जैसा है। कहा कि वर्तमान में अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर लागू है। साथ ही ईरान द्वारा जहाजों की आवाजाही पर लगी रोक भी हटा दी गई है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल आपूर्ति को लेकर स्थिति सामान्य हो रही है, फिर भी केंद्र सरकार लगातार तेल की कीमतों में इजाफा कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत सरकार आपदा में अवसर तलाशने का काम कर रही है। कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 95 से 100 डॉलर प्रति बैरल के बीच है, तब पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने का कोई औचित्य नहीं बनता।