उत्तराखंड

आश्वासन के बाद तीर्थपुरोहितों का अनशन स्थगित

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में चल रहा तीर्थपुरोहितों का आमरण अनशन बुधवार को प्रशासन से वार्ता के बाद स्थगति हो गया। प्रशासन द्वारा 15 अक्तूबर तक तीर्थपुरोहितों को भवन एवं भू-स्वामित्व देने को लेकर लिखित आश्वासन के बाद आंदोलन खत्म किया गया। वहीं तीर्थपुरोहितों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित तिथि तक यह कार्य नहीं किया गया तो फिर 16 अक्तूबर से उसी स्थान पर आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। बीते पांच दिनों से केदारनाथ धाम में तीर्थपुरोहितों को भू-स्वामित्व सहित अन्य मांगों को लेकर आंदोलन चलाया जा रहा था। जिसको लेकर तीन दिनों से आमरण अनशन चल रहा था। हालांकि बीती रात कमल तिवारी की तबियत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया और फिर वह बुधवार सुबह आंदोलन स्थल पर पहुंच गए। वहीं उनकी जगह संजय तिवारी और संदीप शर्मा अनशन पर बैठे थे। इधर, प्रशासन लगातार तीर्थपुरोहितों से वार्ता की पेशकश करता रहा। बुधवार को अपर मुख्य कार्याधिकारी केदारनाथ विकास प्राधिकरण योगेंद्र सिंह एवं तहसीलदार ऊखीमठ दीवान सिंह राणा तीर्थपुरोहितों से वार्ता करने धरना स्थल पहुंचे। करीब एक घंटे की वार्ता के दौरान प्रशासन की ओर से तीर्थपुरोहितों को लिखित आश्वासन दिया गया कि 15 अक्तूबर 2023 तक भूमि, भवन आवंटन के साथ ही भूस्वामित्व का अधिकार दिया जाएगा। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद आमरण अनशनकारियों को जूस पिलाकर उनका अनशन खत्म करवाया गया। इधर, केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने कहा कि यदि 15 अक्तूबर तक लिखित आश्वासन के अनुसार कार्रवाई नहीं की गई तो 16 अक्तूबर से फिर उसी स्थान पर तीर्थपुरोहित आमरण अनशन शुरू करेंगे। इस मौके पर केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, आचार्य संतोष त्रिवेदी, संदीप शर्मा, संजय तिवारी, कमल तिवारी, कोषाध्यक्ष प्रवीण तिवारी, प्रदीप शुक्ला और पंकज शुक्ला, संतोष त्रिवेदी, विजेन्द्र शर्मा, उमेश चन्द्र पोस्ती, देवेश बाजपेई, अनिल बगवाडी, चिमनलाल शुक्ला, प्रदीप शुक्ला, अरविंद शुक्ला, अनुराग शुक्ला, आशीष शुक्ला सहित कई तीर्थपुरोहित एवं व्यापारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!